सुगौली: संवाददाता/अमीरुल आलम खान
सुगौली,पू.च: थाना क्षेत्र के छगराहा के समीप कार की ठोकर से एक व्यक्ति की मौत सोमवार को हो गई। जानकारी के अनुसार छपवा से मोतिहारी जाने वाली पथ में छगराहा के समीप मोतिहारी की ओर से आ रही न्यायधीश लिखी कार ने छगराहा वृता टोला निवासी स्व0 सरल दास का 30 वर्षीय पुत्र नथु दास को ठोकर मार दी।जिससे घटना स्थल पर ही व्यक्ति की मौत हो गई। घटना को देख आसपास के लोग जमा हो गए। घटना के कुछ ही दूरी पर कर खराब होकर बन्द हो गया। घटना को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने छपवा मोतिहारी मुख्य पथ को जाम कर दिया। घटना के बाद मृतक के घर परिवार के लोग पहुंचे और मृतक के शव से लिपट रोने बिलखने लगे। घटना की सूचना थानाध्यक्ष विवेक जयसवाल को मिली। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। शव को बीच सड़क पर रख लोगो ने जाम कर दिया। कार पर सवार लोगो को पुलिस अपनी अभिरक्षा में रखी हुई है,ताकि किसी तरह की कोई बात नही हो। घटना स्थल पर मझौलिया की भी पुलिस पहुंची हुई है। पुलिस निरीक्षक अभय कुमार, थानाध्यक्ष,बीडीओ ने लोगो को समझाने बुझाने में जुट गए और काफी मशक्कत के बाद सड़क जाम समाचार प्रेषण तक नही हटा था। थानाध्यक्ष ने बताया कि लोगो को समझाया बुझाया जा रहा है। उसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक करवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेजा जाएगा।
