संवाददाता: साबिर अली
इन दिनों बेतिया में एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक घर की छत पर खड़ा होकर हाथों में धारदार हथियार लिए किसी को धमका रहा है। साथ ही वो बीच-बीच में पत्थर भी फेंक रहा है। दरअसल, वो एक दूध वाले से नाराज था। आरोप है कि युवक ने अपने साथियों के साथ मिल दूध वाले से उसकी घड़ी, मोबाइल और 500 रुपए छीन लिए थे। जब पीड़ित, युवक के घर पहुंचा तो आरोपी ने हंगामा कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को मिली तो आरोपी फरार हो गया।
घटना 17 फरवरी को बसवरिया मोहल्ले की है। आरोप है कि सऊद मियां ने अपने साथियों के साथ बड़ा नहर के पास एक दूध वाले से मोबाइल, घड़ी और 500 रुपया छीन लिया। अगले दिन दूध व्यवसायी ने सऊद मियां को बड़ा रमना मैदान के पास देखा तो उससे रुपए, घड़ी और मोबाइल की मांग की।
नहीं देने पर दूध व्यवसायी आरोपी के घर चला गया। यहां आरोपी की मां ने घड़ी और मोबाइल लौटाते हुए यह कहा कि रुपए कल आकर ले जाना। जब दूध व्यवसायी जैसे ही सोमवार को पैसे लेने आरोपी के घर पहुंचा तो युवक हंगामा करने लगा। वो दूध वाले पर ईंट पत्थर फेंकने लगा और हाथ में धारदार हथियार लेकर उसे जान से मारने की धमकी दी।
लोगों ने इसकी सूचना नगर थाना को दी। मौके पर नगर थाना की टीम पहुंची तो पुलिस को देख आरोपी युवक खुद को घर में बंद कर लिया। कुछ देर वाद वो घर से फरार हो गया। पुलिस ने दूध वाले की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।