संवाददाता: साबिर अली
बेतिया कोर्ट हाजत से फरार एवं नगर सहित कई थानों का वांछित अपराधी रंजित मल्लिक को बेतिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उक्त जानकारी देते हुए बेतिया पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नौरंगाबाग का फरार अपराधी रंजित मल्लिक पूर्वी चंपारण के पहाड़पुर थाना अंतर्गत नोनेया ग्राम स्थित अपने बहन के घर रह रहा है। सूचना के आलोक में नगर थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक राकेश कुमार भास्कर के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छापामारी करने का निर्देश दिया गया। टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पहाड़पुर थाना के नोनेया ग्राम में छापामारी कर भारी मशक्कत के बाद उसके बहन के घर से रंजीत मल्लिक को गिरफ्तार कर लिया गया। जो नगर के नौरंगाबाग डोम टोली निवासी मोतीलाल मल्लिक का पुत्र बताया जाता है। गिरफ्तार अपराधी रंजित मल्लिक के ऊपर नगर एवं मुफस्सिल थाना मे हत्या लूट आर्म्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मामले लंबित हैं।
छापामारी टीम में पुलिस अवर निरीक्षक मुमताज आलम, अनिरुद्ध कुमार पंडित, भोलानाथ राम, आसूचना इकाई के पुलिस अवर निरीक्षक अरविंद कुमार एवं जमादार पंकज कुमार सिंह आदि शामिल थे