संवाददाता: साबिर अली
बेतिया के नरकटियागंज में एक नवविवाहिता का शव उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला। उसकी शादी 8 महीने पहले ही हुई थी। घटना शिकारपुर थाना क्षेत्र के बैरिया की है। बताया जा रहा है कि नरकटियागंज के बैरिया में 21 वर्षीया विवाहिता रुखसाना का शव घर मे फंदे से लटके होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
मृतका के गले मे रस्सी से गला दबाने का निशान बना हुआ पाया गया है। इस कारण पुलिस ने भी संदेह व्यक्त किया है कि रुखसाना की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिये लटकाया गया है। वही लड़की के परिजन ने बताया कि शादी के बाद से ही दहेज में फर्नीचर की मांग की जाती रही है। इसके लिए पति ही हमेशा दबाब बनाया करता था, इसकी जानकारी कई बार रुखसाना ने अपनी मां को दी थी।
रुखसाना के पिता ने बताया कि- 'आठ माह पहले धूमधाम के साथ जमीन गिरवी रख अपनी बेटी की शादी बैरिया गांव महमनजान अंसारी के साथ की थी। लेकिन शादी के बाद से ही फर्नीचर को लेकर उसके पति और ससुराल वाले प्रताड़ित करते थे और इसी को लेकर उसकी हत्या कर दी गई है। फिलहाल पुलिस छानबीन में जुटी है। इधर, लोग शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजने की बात कह रहे थे। बता दें कि लड़की का मायका शिकारपुर थाना क्षेत्र के चेगौना गांव में है।