संवाददाता: साबिर अली
बेतिया के महना कुली पंचायत के वार्ड नंबर 4 के जले हुए सांड का चंदा इक्कट्ठा कर इलाज कराया जा रहा है। यह मानवता की मिसाल ग्रामीण पेश कर रहे हैं।
ग्रामीण मार्केंडेय सिंह ने बताया कि तीन चार दिन पहले यह सांड कहीं से घूमते हुए गांव में आया। जब हम लोगों ने देखा तो सांड का पूरा शरीर जला हुआ था। वह दर्द से कराह रहा था। तब उसे पकड़कर बांधा गया। उसके बाद शरीर पर जले हुए स्थानों पर दवा और मलहम लगाना शुरू किया गया। किसी ने उसकी दवा की व्यवस्था की तो कोई उसके खाने के इंतजाम में जुट गए।
उन्होंने बताया कि पूरे गांव में जले हुए सांड का इलाज कराने के लिए चंदा इकट्ठा किया गया। चंदा से इकट्ठा किए गए पैसों से सांड का इलाज किया जा रहा है। सांड के ऊपर मक्खी ना बैठे इसके लिए मच्छरदानी की भी व्यवस्था की गई है। उनका कहना है कि अगर सरकार द्वारा मदद मिल जाता तो और अच्छे इलाज हो पाता। उन्होंने सरकार से जले हुए सांड का इलाज में मदद का अपील भी किया।