संवाददाता: साबिर अली
होली एवं शब-ए-बारात पर्व को लेकर इनरवा थाना परिसर में थानाध्यक्ष प्रकाश कुमार एवं सीओ कुमार राजीव रंजन की अध्यक्षता में मंगलवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से होली के हुड़दंग की विधि-व्यवस्था को लेकर बैठक में विस्तृत विमर्श किया। शांति व्यवस्था बनाए रखने और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली एवं शब-ए-बारात पर्व घर में ही अपने परिजनों के साथ मनाए जाने पर चर्चा किया गया। सभी जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध लोगों से अनुरोध करते हुए थानाध्यक्ष प्रकाश कुमार ने कहा कि खतरा को देखते हुए सरकार द्वारा पर्व को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशों को शत प्रतिशत पालन करना है। साथ ही डीजे और चौक-चौराहे पर जमाबड़ा सख्त वर्जित रहेगा। उन्होंने बैठक में मौजूद लोगों से पुन: अपील किया कि सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए। हुड़दंग करने वालों एवं शांति भंग कर अव्यवस्था फैलाने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना पुलिस को देने का अनुरोध किया। उन्होंने यह भी कहा कि पर्व को लेकर पुलिस गश्ती तेज कर दिया जाएगा। बैठक में मुख्य रूप से ग्राम पंचायत इनरवा के मुखिया रामदेव भगत, पूर्व मुखिया अशोक कुशवाहा, इनरवा सरपंच इनेश गिरी, पैक्स अध्यक्ष बुनिलाल साह, उप मुखिया आनंद मिश्रा, शेषनाथ कुशवाहा, जनार्दन प्रसाद कुशवाहा सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध लोगों एवं थानाकर्मी शामिल थे।