बिहार से आई खबर ने एक बार फिर से सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिता के हत्यारों को सजा नहीं मिलने पर एक 14 साल के बेटे ने खुद को आग लगा ली और इसके बाद तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। गुरुवार को रोहित पिता को इंसाफ दिलाने की मांग लेकर एसपी ऑफिस पहुंचा था, लेकिन उसकी एसपी से मुलाकात नहीं हुई। इसके बाद वो परेशान होकर घर लौट गया। मामला मोतिहारी के हरसिद्धि थाना क्षेत्र का है। रोहित के पिता दिवंगत विपिन अग्रवाल एक RTI एक्टिविस्ट थे।
पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कूद गया
गुरुवार की रात पड़ोस के एक घर की छत पर उसने पहले अपने ऊपर केरोसिन डाला और आग लगा ली। फिर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कूद गया। रोहित छत के नीचे से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली की तार पर गिरा और झुलस गया। परिजनों ने उसे मोतिहारी के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां शुक्रवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया।
सितंबर 2021 को हुई थी विपिन अग्रवाल की हत्या
RTI एक्टिविस्ट विपिन अग्रवाल की 24 सितंबर 2021 हत्या कर दी गई थी। हरसिद्धि ब्लॉक ऑफिस गेट के पास दिन दहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी। मोतिहारी ले जाने के दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई थी। परिजनों ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हरसिद्धि थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना के बाद पुलिस जांच में कई लोगों के नाम सामने आए, जिसमें 7 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनमें शूटर मनीष पटेल, सचिन सिंह, लाइनर नीरज कुमार के साथ ही फाइनेंसर किनदेव प्रसाद, अभिमन्यु सिंह, राजेश सिंह और अजय सिंह गिरफ्तार हुए हैं।
रोहित का आरोप था कि उसकी पिता की हत्या में कई बड़े लोग शामिल हैं। पुलिस उनपर कार्रवाई करने से बच रही है। इसी की शिकायत लेकर रोहित गुरुवार को एसपी ऑफिस पहुंचा था।
विपिन हरसिद्धि इलाके की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे थे। इसी को लेकर उनकी हत्या कराई गई थी। हत्या के पीछे कई सफेदपोशों के नाम आए थे, जिसे पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही थी। इसी वजह से विपिन का परिवार प्रशासन से नाराज चल रहा था। कई बार हरसिद्धि में सड़क जाम कर प्रशासन को चेतावनी भी दी गई थी।
पहले बेटे को खोया अब पोते को
रोहित के दादा विजय अग्रवाल ने कहा कि पहले बदमाशों ने मेरे बेटे की हत्या कर दी अब पोते को भी छीन लिया। उन्होंने बताया कि उनका पोता मोतिहारी एसपी से मिलने गया था। लेकिन, एसपी ने उससे मुलाकात नहीं की। इससे नाराज हो कर वह घर आया था। हालांकि मोतिहारी एसपी का कहना है कि रोहित उनसे मुलाकात करने नहीं आया था।
रोहित के दादा पर पुलिस बना रही दबाव
रोहित के दादा ने उसके मरने के बाद अस्पताल से ही एक वीडियो जारी किया था। उसमें उन्होंने बताया कि पोते की मौत के बाद पुलिस उनके ऊपर अपने हिसाब से बयान दिलवाने के लिए दबाव बना रही है।
अंतिम संस्कार की तैयारी
फिलहाल रोहित के घर पर अरेराज SDOP, हरसिद्धि के DSP के साथ ही सुगौली, अरेराज और पहाड़पुर सहित कई थानों की पुलिस पहुंची है। अधिकारियों ने बंद कमरे में रोहित के दादा बात की है। इसके बाद परिजन शव के अंतिम संस्कार के लिए तैयार हो गए हैं। बाकी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।





