संवाददाता: साबिर अली
बगहा के रामनगर में एक व्यक्ति की मौत सड़क हादसे में हो गई। घटना रामनगर-बगहा मुख्य सड़क पर रामनगर अंचल कार्यालय गेट के पास का है। मृतक की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के सिसवा बहुअरवा गांव निवासी बृजेश प्रसाद कुशवाहा (35) पिता बच्चन प्रसाद कुशवाहा के रूप में हुई।
मृतक के बड़े भाई राजेश प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि बृजेश बगहा से काम करके गुरुवार की रात्रि 10 बजे लौट रहे थे। वे राजमिस्त्री का काम करते थे। काम कर लौटते समय त्रिवेणी नहर के बगल की मुख्य सड़क पर उनकी बाइक एक ट्रॉली से टकरा गई। जिससे छाती में तेज चोट लग गई। तुरंत स्थानीय राहगीरों की सूचना पर पुलिस की मदद से अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। लेकिन गहरा चोट होने के कारण उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर मिट्टी लेकर रामनगर के लिए आ रहा था। उसी समय ट्राली का चक्का ब्लास्ट कर गया। जिसके बाद ट्रैक्टर चालक ने ट्रॉली को रोड पर छोड़ कर ट्रैक्टर लेकर चला गया। रात में अंधेरा होने के कारण बाइक चालक को खड़ा ट्रॉली दिखाई नहीं दिया। बाइक सीधा जाकर टकरा गई। टक्कर इतनी जोर से लगी कि बाइक चकनाचूर गया। परिजनों की मानें तो ट्रॉली खड़ा करने के बाद किसी भी प्रकार का ट्रॉली के पीछे कपड़ा नहीं लगाया गया था। अगर ट्रॉली के पीछे कपड़ा या फिर कुछ झाड़ी रखा गया रहता तो शायद यह घटना नहीं घटती। फिलहाल पुलिस ने ट्रॉली को जब्त कर लिया है।