संवाददाता: साबिर अली
नगर के कालीबा ओपी क्षेत्र अंतर्गत छावनी में बारात में डांस करने को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट एवं भारी पथराव में दर्जनों लोग घायल हो गए।
घायलों में कई पुलिसकर्मी भी शामिल है। जिनकी चिकित्सा जीएमसीएच बेतिया में की जा रही है। घटना को लेकर भारी तनाव कायम है। लेकिन स्थिति घटना के कुछ घंटों में ही नियंत्रण करने की बात बताई जाती है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की रात्रि करीब 10:00 बजे एक बारात में डांस करने की विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई और देखते ही देखते उक्त विवाद में उग्र रूप धारण कर लिया। जहाँ दोनों पक्षों की ओर से भारी पथराव शुरू हो गए। जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ पुलिस पदाधिकारी समेत दोनों पक्षों के लोग शामिल है। जिसमें कुछ का जीएमसीएच बेतिया एवं कुछ का निजी क्लिनिको में इलाज चल रहा है।
सूचना पाकर घटनास्थल पर भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे सदर एसडीओ विनोद कुमार एवं एसडीपीओ मुकुल परिमल पांडेय के भारी पुलिस बल के साथ पहुंचने पर स्थिति पर काबू पाया जा सका। साथ ही सूचना पर बेतिया जिलाधिकारी कुंदन कुमार व पुलिस अधीक्षक उपेन्द्रनाथ वर्मा भी पूरे दल बल के साथ पहुंच कर उपद्रवियों पर काबू पाया।
घटना का कारण यह बताया गया है एक बारात निकली थी जिसमें कुछ महिलाएं डांस कर रही थी। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्व शराब के नशे में बरात में प्रवेश कर गए और महिलाओं के साथ डांस करने लगे। जिस पर कुछ लोगों ने इसका विरोध किया और उन्हें जबरन बारात से बाहर कर दिया। उसके बाद दोनों पक्षों में भिड़ंत शुरू हो गए और पथराव होने लगे। और देखते ही देखते छावनी का मोहल्ला रण क्षेत्र में तब्दील हो गया। साथ ही इसे सांप्रदायिक रंग देने का भरपूर प्रयास असामाजिक तत्वों द्वारा किया गया। परन्तु बेतिया पुलिस व प्रशासन के द्वारा पूरी शालीनता के साथ अपनी जान जोखिम में डालकर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
वहीं घटनास्थल पर पुलिस कैंप कर रही है और स्थिति सामान्य है। दूसरी तरफ विडियो फुटेज और अन्य स्त्रोतों से पुलिस उपद्रवियों को चिह्नित करने में लगी हुई है। साथ ही प्राथमिकी दर्ज करने की कार्यवाही पुलिस के आलाधिकारियों के निर्देश पर करने में जुट गए हैं।
हालांकि रात बितने के साथ ही सुबह से ही मोहल्ले में सन्नाटा छा गया है। चंद उपद्रवियों के कारण स्थानीय लोगों पर कार्यवाही की गाज गिरने का भय साफ साफ मोहल्ले वालों के चेहरों पर दिखाई दे रहा है।
