आज बुधवार को वाल्मीकि नगर-बगहा मुख्य पथ पर पिपरा कुट्टी कोतराहा बिजली पावर स्टेशन के पास एक टैंपो अनियंत्रित होकर पलट गई।
टैंपू में कुल 8 लोग सवार थे। सवार सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। जो मटियरिया थाना क्षेत्र के महुवा से परिवार के एक महिला का ऑपरेशन कराने वाल्मीकि नगर आए थे।ऑपरेशन के बाद वाल्मीकि नगर से अपने घर मटियरिया लौटने के क्रम में वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के पिपरा कुट्टी कोतराहा पावर हाउस के समीप यह घटना घटित हुई । यह घटना आज बुधवार को करीब 11 बजे सुबह की है।
स्थानीय लोगों के द्वारा सभी जख्मी लोगों को टैंपू से बाहर निकाला गया,एवं इलाज के लिए वाल्मीकि नगर के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया।जहां लालदेव देसवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा रेफर कर दिया गया। रेफर के बाद परिजन लालदेव को अनुमंडलीय अस्पताल बगहा ले जा रहे थे,कि रास्ते में ही लालदेव की मौत हो गई। वही लालदेव के पुत्र प्रीतेश कुमार का ईलाज अनुमंडलीय अस्पताल बगहा में हो रहा है।
अस्पताल के प्रभारी उपाधिक्षक डा ए के तिवारी ने बताया कि घायल प्रीतेश कुमार की स्थिति सामान्य है। वही टैंपो में सवार अन्य छः लोगों को हल्की-फुलकी चोटे आई है। जिनका उपचार अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वाल्मीकी नगर में किया गया।
