जामताड़ा और साइबर अपराध एक दूसरे के पर्यायवाची बन चुके हैं। जामताड़ा का नाम तो बदलना मुश्किल था लेकिन अब धूमिल हो चुके नाम को फिर से सम्मान दिलाने को प्रशासन के साथ युवा कृत संकल्पित दिख रहे हैं। कुछ दिन पूर्व ही जामताड़ा उपायुक्त को अच्छा प्रशासक का पुरस्कार नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में मिला। वही साइबर के मकड़जाल में फंसे ग्रामीण क्षेत्र के एक युवा को सकारात्मक सोच ने सफलता दिलाई है। विदित हो कि जामताड़ा के छोटे से गांव शहरपुरा के सीएससी संचालक सुभाष लोहार को उनके यूट्यूब चैनल "ए के ऑनलाइन सपोर्ट" के एक लाख सब्सक्राइबर होने पर यूटयूब कंपनी की ओर से सिल्वर बटन दिया गया। शहरपुरा पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीएससी जिला प्रबंधक सलिल कुमार ने यूट्यूब कंपनी से प्राप्त सिल्वर बटन अवॉर्ड को प्रदान किया। इस अवसर पर सलिल कुमार ने बताया कि साइबर अपराध से बदनाम जामताड़ा के ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प का ही परिणाम है कि सुविधाविहीन होने के बावजूद अपने कठिन संघर्ष से यह सफलता प्राप्त किया। यह पूरे जामताड़ा के लिए गर्व की बात है। जिस प्रकार सुभाष लोहार प्रज्ञा केंद्र चलाने के साथ साथ यूट्यूब के माध्यम से लोगों को तकनीकी ज्ञान बाटने का काम कर रहे है वो सराहनीय है। अन्य यूट्यूबर को इनसे प्रेरणा लेना चाहिए। विदित हो कि ए के ऑनलाइन सपोर्ट्स यू ट्यूब चैनल पर सुभाष लोहार द्वारा सीएससी सेंटर एवम विभिन्न ई सेवाओं से संबंधित तकनीकी जानकारी प्रदान की जाती है। इनके यूट्यूब चैनल पर एक लाख से भी ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। सुभाष लोहार पहले नौकरी के लिए दर दर भटके, जीवन यापन करने के लिए कॉल सेंटर पर नौकरी भी की, फिर सीएससी सेंटर खोलकर यू ट्यूब वीडियो भी बनाना शुरू किया। साथ ही आज यूट्यूब से प्रतिमाह बीस हजार की कमाई भी कर रहे हैं। इस अवसर पर सुभाष लोहार ने ए के ऑनलाइन सपोर्ट के सभी व्यूअर और सब्सक्राइबर एवं इस मुकाम तक पहुंचाने वाले सभी सहयोगकर्ता को धन्यवाद देते हुए कहा कि सीएससी से जुड़ना उनकी जिंदगी का टर्निंग प्वाइंट रहा। आज सीएससी के माध्यम से ग्रामीण लोगों को विभिन्न ई सेवाओं को पहुंचाने के साथ साथ रोजगार भी कर रहे हैं। इन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता पिता, सीएससी के जिला प्रबंधक सलिल कुमार, उत्पल दे एवम कार्तिक मंडल को दिया। उन्होंने कहा कि अगर हम लोग ईमानदारी से दृढ़ संकल्प होकर कार्य करें तो हर मुश्किल लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। कोई भी चुनौती इंसान के इरादे से ज्यादा मजबूत नहीं हो सकता है।
