नाला से सेख समीम की रिपोर्ट
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारत सरकार के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री को भेजे गए पत्र में लिखा है कि नाला के ईसीएल के लीज भूमि पर अवैध उत्खनन होने के कारण जामताड़ा जिला के पलास्थली स्टेशन से पश्चिम बंगाल के अंडाल तक रेल लाइन में रेल सेवाओं का परिचालन 26 सितंबर 2002 से बंद है। उक्त रेल लाइन में 9 किमी भाग एवं दो रेल स्टेशन पलास्थली तथा लक्षणपुर रोड झारखंड में अवस्थित है। पत्र में उन्होंने यह भी जिक्र किया है कि पूर्व में इस रेल लाइन में दो ट्रेनों का परिचालन होता था, जिससे गरीबों एवं कमजोर वर्ग के लोग काफी लाभान्वित होते थे। साथ ही छात्रों द्वारा भी उच्च शिक्षा के लिए पश्चिम बंगाल आवागमन के लिए उक्त ट्रेनों का उपयोग किया जाता था। मरीज एवं श्रमिक वर्ग के लोग रोजगार एवं इलाज के लिए बंगाल के अंडाल रानीगंज जाया करते थे, लेकिन ट्रेनों के बंद होने से आमजनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने नाला के इस रेल लाइन को पुनः चालू करने के लिए आग्रह करते हुए पलास्थली से जामताड़ा तक विस्तार करने के लिए रेलवे बोर्ड को पत्र लिखा है।
नाला में रेल लाइन को चालू करने
हेतु मुख्यमंत्री द्वारा संवेदनशीलता दिखाने पर नाला विधान सभा क्षेत्र के लोगों में काफी खुशी दिखाई दे रही है।
झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य शेख सलीम जहांगीर ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा नाला के पलास्थली रेल लाइन को पुनः चालू करवाने की पहल सराहनीय कदम है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को बधाई दी है। नाला में पिछले तीन वर्षों में बहुत से विकास कार्य हुए। इसके लिए नाला विधायक सह झारखंड विधान सभाध्यक्ष बधाई के पात्र हैं। उन्होंने सभी वर्गों किसान, छात्र तथा आमजनों की सुविधा के लिए कई कार्य किया। सड़क, शिक्षा, बिजली, पानी सहित नदी नालों में पुल पुलिया के निर्माण कराया। कहा नाला के भाजपा विधायक भी कृषि मंत्री रह चुके हैं। लेकिन उन्होंने न तो किसानों के लिए और न ही आमजनों की सुविधा के लिए कोई विकास का कार्य किया। लेकिन वर्तमान विधायक रबिंद्रनाथ महतो ने दलगत भावना से ऊपर उठ कर सभी का विकास किया। वहीं कस्ता पंचायत के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि शेख मुस्ताक ने कहा कि नाला के विकास में मुख्यमंत्री के पहल की जितनी भी तारीफ की जाय कम होगी। नाला के ईसीएल क्षेत्र में बंद रेल लाइन को चालू करने के लिए मुख्यमंत्री का खुद से पहल करना ये दिखाता है कि विधान सभाध्यक्ष को बहुत ज्यादा तरजीह देते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भरोसा करते हुए कहा कि नाला का रेल लाइन बंगाल के अंडाल एवं जामताड़ा तक जरूर विस्तार होगा !
