मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिला कांग्रेस कमिटी ने भाजपा की नीतियों और गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंजीनियर शशि भूषण राय उर्फ गप्पू राय के नेतृत्व में गांधी स्मारक मोतिहारी पर आयोजित इस कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया गया।इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि भूषण राय ने गृहमंत्री अमित शाह पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा का संविधान के प्रति नफरत पहले ही पिछले चुनावों में स्पष्ट हो गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि गृहमंत्री अमित शाह ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की थी, जिससे शाह की सोच और उनके दृष्टिकोण देश के सामने आ गए हैं। श्री राय ने इसे संविधान के प्रति असम्मान करार देते हुए कहा कि संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर का अपमान न केवल अमर्यादित है, बल्कि यह संवैधानिक पद पर बैठे एक व्यक्ति द्वारा किया गया अपमान है, जिसे न देश भूल सकता है और न ही बर्दाश्त करेगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आगे कहा कि गृहमंत्री के बयान ने यह साबित कर दिया कि भाजपा और उनकी सरकार संविधान के प्रति अपनी मूल भावना और प्रतिबद्धता से पूरी तरह विमुख हो चुके हैं। उनके बयान से यह स्पष्ट होता है कि संविधान और डॉ. अंबेडकर के प्रति उनकी सोच नकारात्मक और अपमानजनक है। उन्होंने यह भी कहा कि गृहमंत्री का यह बयान संसद में दिए गए उनके भाषण में देखा गया, जहां उन्होंने संविधान की मूल भावना को लेकर अपनी असहमति जताई थी। पुतला दहन कार्यक्रम में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और गृहमंत्री के बयान का विरोध करते हुए नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर यह संदेश दिया कि देश के संविधान और उसके निर्माता का अपमान नहीं सहा जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी शामिल थे, जिन्होंने गृहमंत्री के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की और भाजपा के नेतृत्व पर सवाल उठाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब देश के संवैधानिक पदों पर बैठे लोग ही संविधान का सम्मान नहीं करते, तो यह देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं के लिए खतरनाक है। कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन से यह साफ हो गया कि पार्टी भाजपा की नीतियों और उनके नेताओं के खिलाफ अपनी आवाज उठाने में पीछे नहीं हटेगी। वही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ भाजपाइयों द्वारा किए गए धक्का मुक्की के लिए जिला कांग्रेस कमेटी, पूर्वी चंपारण कडी निंदा करती है। वही इस मौके पर मुमताज अहमद खान, किरण कुशवाहा,डॉ अफरोज आलम, संजीव कुमार सिंह, मुनमुन जायसवाल, सत्येंद्र नाथ तिवारी,आबिद हुसैन पूर्व मुखिया, बिनटी शर्मा, ध्रुव त्रिवेदी, अरुण प्रकाश पांडे, तनवीर खान, डॉ आदर्श आनंद, अवध किशोर मिश्रा, उमेश अग्रहरि, राजकुमार अंजुमन, कुमकुम सिन्हा एंव सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।


