मोतिहारी । महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर मोतिहारी के नगर भवन में आज 19 जनवरी को भव्य कार्यक्रम का आयोजन होना है। इस कार्यक्रम की शुरुआत मोतिहारी के डाकबंगला स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण से शुरू होगी। इसको लेकर क्षत्रिय समाज के लोगों के द्वारा भव्य स्तर पर तैयारी की जा रही है। महाराणा प्रताप की जयंती पर होने वाले इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम को लेकर जदयू नेता सुनील सिंह ने बताया की महाराणा प्रताप जयंती के अवसर मोतिहारी शहर में गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सभी पैदल चलते हुए नगर भवन पहुंचेंगे। नगर भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न जातियों और समुदायों के लोग महाराणा प्रताप के जीवन पर प्रकाश डालेंगे और उनके शौर्य और त्याग को याद करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि अदम्य साहस और स्वाभिमान का प्रतीक महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के महान योद्धा और स्वतंत्रता के प्रतीक माने जाते हैं। जदयू नेता सुनील सिंह ने जिले के सभी वर्गों के लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।


