मोतिहारी:-राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रपोत्र तुषार गांधी के साथ तुरकौलिया मुखिया द्वारा अपमानित करने का मामला अब गरमाने लगा है। तुरकौलिया पूर्वी पंचायत के मुख्यिा विनय कुमार के विरोध में स्वतंत्रता सेनानी के वंशजों ने गांधी घाट पर एक दिवसीय धरना दिया। धरना का आयोजन अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी संगठन सह अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के बैनर तले किया गया था। धरने का अध्यक्षता करते किशोर पाण्डेय ने कहा कि तुषार गांधी के साथ मुखिया ने अमर्यादित व्यवहार किया है। जब तक मुखिया माफी नही मांगेंगे तबतक धरना प्रदर्शन चलता रहेगा। स्वतंत्रता सेनानी के वंशजों ने कहा कि मुखिया ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रपौत्र को अपने पंचायत भवन पर बुलाकर अपमानित किया है। जबकि वह पंचायत भवन पर जाना नही चाहते थे। मुखिया के आग्रह पर वह गए, जहां मुखिया ने उन्हें अपमानित किया। इससे पुरे चंपारणवासी शर्मिंदा हैं। इसी मुद्दे को लेकर धरना दिया जा रहा है। पूर्वजों के बलिदान और त्याग के बदौलत ही हमें आजादी मिली है। लेकिन आज गांधी के कर्मभूमि पर ही उनके प्रपोत्र तुषार गांधी को अपमानित करने का काम मुखिया ने किया है। जो घोर निंदनीय है। गांधीवाद पर गोडसे विचारधारा आज भी हावी है। यह चंपारण में देखने को मिला है। मुखिया जबतक सार्वजनिक तौर पर माफी नही मांगेंगे तबतक कही न कही धरना चलता रहेगा। मुखिया विनय कुमार ने अतिथि देवो भव: का भी ख्याल नही रखा। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मिलकर मुखिया विनय कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा चलाने का आग्रह किया जाएगा। ताकि इस तरह की हरकत करने का फिर कोई दूसरा दुस्साहस नही करेगा। धरना पर बैठने वालों में मनोज कुमार, संजय कुमार, मेघना मिश्र, दिनानाथ राम, सोहनलाल भगत, सुनील कुमार, डीके सिंह, राजकुमार अंजुमन आदि शामिल थे।