चंपारण सत्याग्रह की ऐतिहासिक धरोहर गांधी संग्रहालय का स्वरूप अब और भव्य होने जा रहा है। सौंदर्यीकरण कार्य के तहत संग्रहालय का लुक पूरी तरह बदल गया है।संग्रहालय के हॉल में आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की गई है, जो आगंतुकों को विशेष रूप से आकर्षित करेगी। हॉल के अंदर और बाहर की दीवारों पर पेंटिंग कराई जा रही है, जो चंपारण सत्याग्रह की यादों को ताज़ा कर संग्रहालय को जीवंत रूप देंगी। यहां बापू की नई तस्वीर लगाई गई है, जो मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगी। इसके साथ ही गांधी जी द्वारा बैठक के लिए उपयोग किए जाने वाले ऐतिहासिक टेबल को भी नया और आकर्षक रूप दिया गया है। सौंदर्यीकरण का कार्य अंतिम चरण में है और जीर्णोद्धार के बाद इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। नगर आयुक्त सौरभ सुमन यादव और सहायक समाहर्ता (प्रशिक्षु आईएएस) प्रिया रानी नियमित रूप से संग्रहालय का भ्रमण कर कार्यों की प्रगति का निरीक्षण कर रहे हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि सौंदर्यीकरण में लगभग 15 दिन और लगेंगे। आज जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और सहायक समाहर्ता ने एक बार फिर गांधी संग्रहालय का निरीक्षण किया और कार्य की गति तेज करने के निर्देश दिए।

