गणतंत्र दिवस समारोह-2026 के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी पूर्वी चंपारण श्री सौरभ जोरवाल के निर्देश के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी सदर सह नगर आयुक्त श्री निशांत सिहारा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती ममता राय, अपर समाहर्ता (लोक शिकायत) श्री शैलेंद्र कुमार भारती, सहायक समाहर्ता सुश्री प्रिया रानी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, संस्कृति कर्मी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित किया जाएगा, जहां सुबह 9:00 बजे झंडोत्तोलन किया जाएगा। इस अवसर पर गांधी मैदान, गांधी उद्यान, समाहरणालय परिसर एवं नगर के प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई के लिए नगर निगम मोतिहारी को निर्देश दिए गए। साथ ही नगर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं माल्यार्पण हेतु पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्णय लिया गया। गांधीजी से जुड़े स्थलों पर भी समारोहपूर्वक झंडोत्तोलन किया जाएगा। मुख्य समारोह स्थल गांधी मैदान में मंच निर्माण, रंग-रोगन एवं बैरिकेडिंग का कार्य कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल मोतिहारी द्वारा कराया जाएगा। गणतंत्र दिवस समारोह का लाइव प्रसारण सोशल मीडिया, फेसबुक एवं वेबकास्ट के माध्यम से कराने का भी निर्णय लिया गया। आमंत्रित अतिथियों, महिलाओं, प्रेस प्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों के लिए बैठने की अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में जिले के स्वतंत्रता सेनानियों को महात्मा गांधी से संबंधित मोमेंटो, शॉल एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। गांधी मैदान में झांकियों के प्रदर्शन का भी निर्णय लिया गया। विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की योजनाओं एवं विकासात्मक कार्यों पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। इसके लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त झांकियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, मोतिहारी स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह में सांस्कृतिक संध्या आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में समूह नृत्य, समूह गान, एकल गायन, एकल नृत्य, थीम आधारित नृत्य, स्वच्छता पर लघु नाटिका एवं महात्मा गांधी के दर्शन पर आधारित प्रस्तुति शामिल होगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी को सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के 10वीं व 12वीं के छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के महादलित टोलों में टोले के बुजुर्ग व्यक्ति अथवा महिला से झंडोत्तोलन कराने का भी निर्णय लिया गया। इस दौरान प्रत्येक टोले में एक सरकारी पदाधिकारी उपस्थित रहकर लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।

