उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और संगठनात्मक बदलाव को लेकर चल रही अटकलों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को दिल्ली पहुंचे, जहाँ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विशेष मुलाकात की। यह बैठक करीब 50 मिनट तक चली, जिसे यूपी की राजनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने एक टैबलेट था, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथ में फाइल देखी गई। इसे यूपी कैबिनेट विस्तार और संभावित फेरबदल से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच सरकार और संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जानकारी के मुताबिक, संभावित कैबिनेट विस्तार में उन नेताओं को तवज्जो मिल सकती है, जो जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं और संगठन व सरकार के कामकाज में प्रभावी भूमिका निभा रहे हैं। कुछ राज्य मंत्रियों को प्रमोशन दिए जाने की भी संभावना जताई जा रही है। प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम भाजपा संगठन से जुड़ा हुआ है। वे भाजपा मुख्यालय में नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से भी मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दिल्ली दौरा राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोपहर 12:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इसके बाद भाजपा मुख्यालय में उनकी आगे की बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा। राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को आगामी रणनीति और संगठनात्मक फैसलों से जोड़कर देखा जा रहा है।

