कन्नौज (उत्तर प्रदेश)। THE ROYAL NEWS
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिला कारागार से लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नए साल के जश्न में डूबे जेल प्रशासन के बीच दो कैदी फिल्मी अंदाज में 22 फीट ऊंची जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए। यह घटना 4 जनवरी की रात की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, उस रात जेल परिसर में टेंट लगाकर कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें संगीत और डांस चल रहा था। इसी दौरान सुरक्षा व्यवस्था में भारी चूक का फायदा उठाकर दो कैदी कंबल के सहारे दीवार फांदकर फरार हो गए। घटना का खुलासा होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की जांच के बाद जेल प्रशासन की गंभीर लापरवाही सामने आई, जिसके चलते छह जेल अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। फरार कैदियों की तलाश में पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जेल सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। उच्च अधिकारियों ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

