पटना/THE ROYAL NEWS
राजधानी पटना को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। अब पटना में खुले में गुटखा, पान या अन्य तंबाकू उत्पाद खाकर सड़क, दीवार या सार्वजनिक स्थानों पर थूकना महंगा पड़ेगा। ऐसा करते पकड़े जाने पर ₹500 का जुर्माना लगाया जाएगा। नगर प्रशासन के अनुसार, यह फैसला शहर में बढ़ती गंदगी और सार्वजनिक स्थानों की बदहाल स्थिति को देखते हुए लिया गया है। खुले में थूकने से न सिर्फ शहर की सुंदरता खराब होती है, बल्कि इससे गंभीर बीमारियों के फैलने का भी खतरा बना रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए जुर्माने का प्रावधान लागू किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम की टीमें और संबंधित विभाग सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी रखेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मौके पर ही चालान काटा जाएगा। प्रशासन का कहना है कि पहले चरण में लोगों को जागरूक किया जाएगा, लेकिन नियम तोड़ने वालों पर सख्ती भी की जाएगी। इस फैसले को लेकर शहरवासियों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है। कई लोगों ने इसे स्वच्छ पटना की दिशा में जरूरी कदम बताया है, तो कुछ ने जुर्माने को सख्ती भरा निर्णय कहा है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे शहर को साफ रखने में सहयोग करें, खुले में गंदगी न फैलाएं और स्वच्छता नियमों का पालन करें। साफ है कि अब पटना में खुले में थूकना न सिर्फ गलत, बल्कि जेब पर भी भारी पड़ेगा।

