मधुबनी/ THE ROYAL NEWS
नगर थाना क्षेत्र के कोतवाली चौक पर पुलिस कर्मियों द्वारा एक मोटरसाइकिल सवार के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मधुबनी जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) योगेंद्र कुमार ने घटना में शामिल सिपाही महेंद्र कुमार और हवलदार तनवीर आलम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी सरेआम मोटरसाइकिल सवार के साथ दुर्व्यवहार और पिटाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद आम लोगों में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे। एसपी योगेंद्र कुमार ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर किसी भी प्रकार की हिंसा, दुर्व्यवहार या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस आम जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए है, न कि अत्याचार के लिए। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस प्रशासन ने यह संदेश दिया है कि कानून सभी के लिए समान है और अनुशासनहीनता करने वाले पुलिसकर्मियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

