वैशाली/THE ROYAL NEWS
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए वैशाली अंचल के राजस्व कर्मचारी राजेश रौशन को ₹5,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से जिले के राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, राजस्व कर्मचारी राजेश रौशन पर जमीन से जुड़े एक मामले में काम करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की, जिसके बाद पूरे मामले की जांच की गई और सत्यापन के उपरांत जाल बिछाया गया। मंगलवार को जैसे ही आरोपी कर्मचारी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि ली, निगरानी टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को निगरानी कार्यालय ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की तैयारी है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और सरकारी कार्यों में रिश्वतखोरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद आम लोगों में यह संदेश गया है कि भ्रष्टाचार करने वाले सरकारी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई तय है, चाहे वे किसी भी पद पर क्यों न हों।

