सहरसा//THE ROYAL NEWS
सहरसा जिले के बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 5 धुर जमीन को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान सरबेला वार्ड संख्या 13 निवासी 35 वर्षीय टुनटुन पंडित के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसके शरीर से गोली निकाल दी है। हालांकि, इलाज के बाद भी उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह डॉक्टरों की निगरानी में है।
घटना की सूचना मिलते ही बनमा ईटहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर पुरानी रंजिश सामने आ रही है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रण में रखा गया

