मोतिहारी | THE ROYAL NEWS
एक बार फिर DAV स्कूल गेम्स में मोतिहारी की बालिका पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। सब-जूनियर राष्ट्रीय स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में मोतिहारी की चार खिलाड़ी शामिल हुई थीं, जिनमें से तीन खिलाड़ियों ने पदक जीतकर न सिर्फ बिहार बल्कि पूर्वी चंपारण जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 10 जनवरी से 12 जनवरी तक नोएडा (NCR) में आयोजित की गई थी।
प्रतियोगिता में—
42 किलोग्राम भार वर्ग में अनन्य सिंह ने कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल)
50 किलोग्राम भार वर्ग में सिमरन कुमारी ने रजत पदक (सिल्वर मेडल)
48 किलोग्राम भार वर्ग में मानवी कुमारी ने कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल)
जीतकर जिले को गौरवान्वित किया।
इन सभी पहलवानों ने यह उपलब्धि कोच रविश कुमार के कुशल मार्गदर्शन और देखरेख में निरंतर अभ्यास के दम पर हासिल की है।
खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर आज जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा तीनों पदक विजेता बालिका पहलवानों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कुश्ती संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार जायसवाल भी उपस्थित रहे।
प्रशासन और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि मोतिहारी की बेटियाँ आज खेल के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रही हैं और आने वाले समय में देश का नाम और ऊँचा करेंगी।

